31.08.2026 की रात 11 बजे सराय रोहिल्ला दिल्ली से चली मेरी ट्रेन अपने निर्धारित समय अगले दिन सुबह लगभग 6 बजे (01 सितंबर 2026) डीडवाना रेलवे स्टेशन पहुँच गई, स्टेशन पर बड़े मामाजी का बेटा राजेश मुझे लेने आ गया था। लगभग पचास वर्षों बाद दिखे डीडवाना के रेलवे स्टेशन का पूरा कायाकल्प हो रहा था शानदार तरीके से। (फोटो नीचे देखें)
उसके स्कूटर पर सवार हो कर हम चल पड़े नानी की गली यानि गुरुजी गली। स्मृतियाँ मुझे पचास साल पहले के गलियारे में ले गई – बचपन में सुजानगढ़ में, गर्मी की छुट्टियों के लिए हॉलिडे डेस्टिनेशन - नानी का घर ही होता था। सुजानगढ़ से बस के द्वारा ही डीडवाना जाते थे और वहाँ से घोडा गाड़ी ही एक जरिया था नानी के घर यानि गुरुजी गली पहुँचने का । गली की शुरुआत में एक बड़ा लकड़ी का दरवाजा था – जो शायद कभी सुरक्षा के लिए बंद होता था, गली में घुसते ही दाहिनी तरफ एक घर की बालकोनी में लटके एक पिंजरे में मिट्ठू रहता था जो आने जाने वालों को राम राम बोलता था। जो गली कच्ची बालू रेत की होती थी वो अब पक्की सड़क बन गई है , गली में घुसते ही मेरा अतीत मेरी आँखों के सामने पिक्चर की तरह चल पड़ा (गली का फोटो नीचे देखें), हवा की खुशबू, ताजगी और शांति ने मेरे शरीर में एक सिहरन पैदा कर दी।
बड़े मामाजी का स्वर्गवास एक साल पहले बरहमपुर (उड़ीसा) में उनके बेटे के घर हुआ था अतः उनके बड़े बेटे – ललित जाजू ने डीडवाना में प्रथम पुण्यतिथि यानि बरसी (महाभोज) के आयोजन डीडवाना में करने का निर्णय लिया जिसके लिए मैँ वहाँ पहुंचा था। गली में घुसने के बाद टी पॉइंट पर ठीक सामने बड़े मामा जी का घर, राजेश ने स्कूटर वहाँ पर रोक दिया। पचास साल पहले वो गली का दो मंजिला नवनिर्मित और खूबसूरत घर होता था, पूरे घर में मार्बल दाने का फर्श , कमरों और लकड़ी की अलमारियों पर चटख रंग, हर फ्लोर पर गुसलखाने, घर के अंदर से ही ऊपरी मंजिल का जीना । उस घर में एक तलघर भी हैं जिसका दरवाजा सड़क पर हैं । थोड़ी सी सीढ़ियाँ चढ़कर मैँ मामी जी से मिला। दुख दर्द के साथ साथ हम यादों के सफर पर निकल गए, मैंने उन्हें याद दिलाया कि सुबह शाम उनके घर के बाहर हम सभी बच्चे पानी की बाल्टियाँ भर भरकर गुसलखानों में और नानी के घर में रखते थे। मामीजी ने बताया अभी भी पानी 3-4 दिनों में एक बार आता है – विकसित भारत की तरफ हमारे बढ़ते कदम । (बड़े मामाजी के घर का फोटो नीचे देखें)।
श्री गोवर्धन लाल जोशी जी की ललित कला अकादेमी द्वारा प्रकाशित किताब देखते हुये हाथ इस तस्वीर (उपरोक्त) पर आकर अचानक रुक गया – चित्रकार ने गली को मोड़ देकर बाईं तरफ दो चबूतरे वाले घर बना दिए और बिल्कुल नानी के घर के ऊपर प्रथम मंजिल वाले झरोखे जैसी खिड़कियाँ – अविश्वनीय – बिल्कुल सजीव चित्रण ।
नानी के घर के पीछे गली में एक सामूहिक शौचालय (लंबा नोहरा) था, जिसमें एक दरवाजा भी था, सीढ़ियाँ और दीवारें लाल और काले पत्थरों की, कमोबेश वो एक सार्वजनिक शौचालय था क्योंकि वो कुछ घरों के लिए निर्मित था। संडास के लिए घर से ही लौटे मे पानी लेकर जाना होता था और वापस आकर बालू रेत से ही हाथ धोते थे।
मामी के यहाँ से आवाज लग गई कि चाय तैयार हो गई है आ जाओ। मैंने मामी जी को याद दिलाया उनके हाथ की प्याज की सब्जी, खा कर क्या मजा आता था, क्योंकि सुजानगढ़ और नानी के घर में प्याज प्रतिबंधित था। मामी जी हमेशा विशेष तौर पर कचोरी और मिर्ची पकोड़े जरूर मँगवा कर खिलाती थी। हम निकल गए माहेश्वरी भवन के लिए जो बाजार में है और जहाँ हमारे विश्राम की व्यवस्था थी। गलियां चलते चलते, स्मृतियाँ ,मुझे 50 साल पहले के दौर में खींच ले जाती थी, रास्ते में एक घर को देखकर मुझे लगा कि दरवाजों की नक्काशियाँ और पहली मंजिल की दुछत्तियाँ और झरोखेँ शायद कुछ ऐसे ही थे नानी के घर में भी (फोटो नीचे देखे)।
नहा धोकर नीचे उतरा तो देखा बाईं तरफ उदा जी की प्रसिद्ध हरी मिर्ची के पकोड़े, कचौरी, समोसे और नमकीन की दुकान है, पूरा बचपन सामने आ गया, मामी जी इसी तरह के खान पान से स्वागत करती थी मौसम, पानी, जलवायु की वजह से आज भी इन चीजों का वहाँ का स्वाद अलग हैं (फोटो नीचे देखे)।
दोपहर के खाने में पारंपरिक पत्ता गोभी की टमाटर डली सब्जी, मूंग डाल की कचोरियाँ खा कर कुछ यादें ताजा हो गई। गली से लगा हुआ आनंद भवन है जो एक ऐतिहासिक और प्राचीन भवन है कहते हैं कि किसी जमाने में डीडवाना अपनी विशाल नमक की झील के कारण एक बड़ा व्यवसायिक केंद्र था और अंग्रेज नमक की कालाबाजारी रोकने के लिए यहाँ पर अदालत लगाते थे। बाद में भी इसी आनंद भवन में कचहरी और वकीलों के बैठने का कार्य होता था।
लेकिन हमें बचपन से यह जगह (आनंद भवन) शादी ब्याह के बड़े आयोजनों और भोज के कारण ही याद है और याद है कि कैसे पंगत में सैंकड़ों लोगों को नीचे बैठाकर खाना खिलाया जाता था और हम भी पुरस्कारी (खाना खिलाना) करते थे। हम वहाँ चल दिए क्योंकि अगले दिन के लिए नमकीन, मिठाइयाँ वहीं पर तैयार हो रही थी। भवन के विशाल दरवाजों में प्रवेश करते ही अतीत के पन्ने खुल गए (फोटो नीचे देखें)। पुराने जमाने में भी शादी के लिए तैयार होने वाले पकवानों, मिट्ठाईयों आदि की जिम्मेदारी एक ग्रुप को दे दी जाती थी। आनंद भवन में जाकर ऐसा ही माहौल देखने को मिला, धीरे धीरे खत्म और लुप्त होती हुई परम्पराएं, समाज का मेलजोल, आपसी सहभागिता – मेलमिलाप।
शाम को भजन संध्या (सुंदर कांड के साथ) का कार्यक्रम निर्धारित था और जिसके लिए बड़े मामा जी के घर के बराबर में ही गली में साफ सफाई करवाकर व्यवस्था की गई थी, तब तक पास के ही कस्बे – कूचामन सिटी में रहने वाली मासीजी के बेटे – महेश भैया और भाभी भी आ गए थे। महेश भैया ने बताया कि बचपन में जैसे ही आखिरी सालाना परीक्षा का पेपर खत्म होता था सीधे वो बस में बैठकर कूचामन से डीडवाना आ जाते थे। ननिहाल में दोनों मामाजी के बच्चे, दूसरी मौसियों के बच्चे भी छुट्टियों मे आ जाते थे। उधर माँ के पड़ोस के मकान में उनके ताऊजी के बेटों के सारे बच्चे भी छुट्टियों में आ जाते थे। गली में अच्छा खासा उत्सव का माहौल और चारों ओर चहल पहल , धमाचौकड़ी हो जाती थी। तपती दोपहरी में कोई बच्चा सोने के लिए तैयार नहीं होता था। कहीं पर ताश की मंडलियाँ जम रही हैं और कहीं लंबी गप्पों के सिलसिले, तो कहीं तकियों से लड़ाइयाँ जो किसी बड़े के आने से ही रुकता था, ट्रेन में जाने वाले यात्रियों को पानी पिलाने के लिए जाना।
रात के खाने में मूंग दाल का हलवा, मूंग दाल की कचौरियाँ, पूरी आलू की सब्जी – अलग ही स्वाद। भजन मंडली सुजानगढ़ से आई थी अतः उनको भी भोजन करवाया गया। रात के लगभग नौ बजे सुंदर कांड को शुरू करने की तैयारी हो गई । तभी अचानक बिजली चली गई और किसी जनरेटर आदि की व्यवस्था नही थी। घुप्प अँधेरें में मेरी नजरें आसमान की तरफ चली गई, तारों भरी रात देख कर एक तरफ दिल खुश हो गया और दूसरी तरफ दिल चला गया – अतीत में- छुट्टियों में – नानी के घर जब भयंकर जून की गर्मियों में सोने के लिए हमें छत पर जाकर शाम को बिस्तर लगाने होते थे और पानी का छिड़काव करना होता था , बराबर वाले घर के छत की दीवार 3 फुट के लगभग होगी जिसे सारे बच्चे पूरी रात आर पार करते रहते थे। थक हारकर जब बिस्तर पर लेटते थे तो पूरी आकाश गंगा आसमान में दिखाई देती थी। 50 सालों बाद हमारे साथ साथ आसमान ने भी अपने आपको बदल लिया और मानव स्वभाव को देखते हुए उसने कुछ तारें अपनी गोद में छुपा लिए हैं। सुंदर कांड का सामूहिक गान और उसके बाद अलग अलग भजन, अलौकिक और श्रद्धांजलि पूर्वक था ।
रात्रि विश्राम माहेश्वरी भवन में करने के बाद मैँ सुबह पैदल घूमता हुआ मामी जी के पास आ गया। देखा कलकत्ता वाली मौसी जी के एक बेटे – बाबूलाल भैया और भाभी सुबह की ट्रेन से आ गए हैं। चाय पानी के बाद उनको लेकर माहेश्वरी भवन आ गए। स्नान करके हम लोग पहुँच गए झालरिया मंदिर – जो अपनी दक्षिण शैली की बनावट के लिए मशहूर है। बचपन में, माँ सुबह सुबह झालरिया मंदिर दर्शन के लिए जाती थी उस समय मंदिर का लोभ केवल प्रसाद खाने में था। कहते है कि यह मंदिर लगभग 1000 साल पुराना है जहाँ राम, सीता माता और लक्ष्मण जी की मूर्तियाँ विराजमान हैं और माँ सीता राम जी के दायें भाग में है जबकि वो बाएं भाग होती है। पंडित जी ने बताया कि लगभग 100 साल पहले मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया था।
कहते है कि डीडवाना का प्राचीन नाम आभानगरी और उपकाशी था, तथा यह जगह हिन्दू और मुस्लिम समाज की आस्था का केंद्र रहा हैं। शहर में एक और नागौरी मंदिर भी है जो कई नागोरिया मठ की देन है और राम, सीता और लक्ष्मण जी का प्राचीन मंदिर है। लेकिन बचपन में यह सब बातें हमें कुछ पता नहीं थी।
मुझे याद है कि मेरे से भी ज्यादा यह गली मेरे बड़े भाई (मदन मोहन लोहिया) का पसंदीदा जमावड़ा या धमाचौकड़ी की जगह थी। वो बताते है कि मामा जी पहले ही सुजानगढ़ आ कर हमारे दादा दादी जी से, हमें छुट्टियों में डिडवाना भेजने के लिए, बात कर जाते थे। हम परीक्षाएँ खत्म होते ही बस में बैठकर रवाना हो जाते थे, मामाजी हमें रिसीव कर लेते थे, तांगा एकमात्र साधन था बस अड्डे से गली में जाने का, पहुंचते ही नानी की सफाई के मद्देनजर हमें घर में घुसने से पहले ही नहाना पड़ता था, बिना नहाए पीने के पानी को छूने की मनाही थी । गली में उनके हम उम्र मामा लोगों के बेटे – ओम, अनिल, सुनील, ललित और गली के और लड़के, धमाचौकड़ी मचाने के लिए हुजूम था। गर्मी की दोपहरी में ताश और कंचे खेलना उनके पसंदीदा खेल थे, बड़े भाई की ओम भैया के साथ जोड़ी होती थी और वो जीतने के लिए बेइमानियाँ, पत्ते चुराना, दिखाना किसी भी चीज से कोई परहेज नहीं करते थे, लेकिन हाँ कभी कभी अनिल सुनील की जोड़ी को भी जितवा देते थे ताकि वो खेलना न छोड़ दे। शर्त लगती थी – राजहंस या प्रजापति की दुकान की कचोरी या समोसा खाने की । कच्ची गली में कंचे खेलना और मामी जी की अलमारियों से गुलकंद चुराना उस समय का एक एडवेंचर था, भाई बताते है कि लेकिन जब गल्ती से चुराया हुआ गुलकंद एक दिन पेंट की जेब में रह गया और मामी ने कपड़े धुलाई के समय उसे देखा तो पोल खुल गई तो जो हजामत बनी, उन्हें याद है।
सुबह गौशाला से पर्ची फाड़कर ले जाना और दूध लाना, आयुर्वेदिक औषधालय के चक्कर लगाना, ठेले वाले से बर्फ के ऊपर रखे टमाटर नमक काली मिर्च के साथ खाना, गरम रोटी खाने के चक्कर में रूखे फुलके खाना – ये उनकी फुरसत के यादगार लम्हे थे। शाम को गली की चुटकुलों की महफ़िल सजती थी और उनसे (बड़े भाई) विशेष फरमाइश होती थी , वो कहते है कि भरी गर्मी में तपती छतों पर सोना आज के एयरकंडिशनर कमरों से भी ज्यादा सकुन भरा क्यों था, शायद वो जमाना भौतिक आराम से ज्यादा मन के आराम और शांति में कहीं तल्लीन था, आज बच्चों का बचपन कहीं और चला गया है। तब गली में ना रेडियो था, ना टेलीफोन , ना मोबाईल, ना टेलीविजन फिर भी इतनी मस्ती। भैया बताते है कि शायद उसी समय किसी के घर में टी वी आया था, पता चला कि उसमें पीछे से बैठकर कोई आदमी बोलता है । आज यह सब एक सपना सा लगता है , या यूँ कहे कि सारा सुकून, तसल्ली, सब्र , सब पीछे छूट गया है ।
बचपन में, शाम को घूमने के लिए शिवबाड़ी मंदिर (लगभग 2 किलोमीटर) था, वहाँ तक पैदल जाना और प्रसाद लेकर आना, एक परंपरा थी – मिलजुलकर मटरगश्ती करने की । शाम को हम सब आनंद भवन पहुँच गए, मेहमानों के स्वागत के लिए, दरियाँ बिछा दी गई और साथ में कुर्सियाँ और टेबल भी। (फोटो नीचे देखे)।
मिठाइयों में गुलाबजामुन, मोती पाक, काजू की कतलियाँ, मलाई घेवर नमकीन में कचोरी, भुजिया, पूरी, सब्जी में मलाई कोफ़्ता, दम-आलू, दही बड़े आदि बनवाए गए थे। नीचे बिठाकर मेहमानों को जिमण (खाना) खिलाकर बचपन की याद आ गई – पुराने जमाने में पहले केवल मिठाई और नमकीन परोसा जाता था, उसके कहीं बाद पूरी सब्जी । शायद यह शास्त्रों के हिसाब से भी था कि भोजन में पहले मिठाई। मुझे लगा कि यह परम्पराएं कब तक बची रहेगी यह एक यक्ष प्रश्न है, भोजन के साथ यह एकजुटता की एक मिसाल है, एक दूसरे के सुख दुख साँझा करने का मौका है। मैँ भी रात का अपना पसंदीदा खाना खाकर प्रसन्नचित हो गया। जाने का मन नहीं था परंतु विवशता थी मुझे मेरे ममेरे भाई के बेटे ने स्कूटी पर ट्रेन के लिए डीडवाना के रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया, दिल्ली आने के लिए, अपने अतीत और वर्तमान को मन और दिल मे सँजोये हुए , मैँ चल दिया ।
इतनी तमाम बातों के बावजूद भी गर्मियों मे नानी के यहाँ जाने की इच्छा रहती थी और आज तमाम सुविधाओं के बावजूद बच्चे कहीं जाने को तैयार नहीं होते हैं।
चलिए दोस्तों मैँ आपको फिर लेकर चलूँगा कुछ जानी पहचानी गलियों में, कुछ अनजानी गलियों में, कुछ घूमे हुये शहरों में , कुछ नए इलाकों में , कुछ अलग घुमक्कड़ी के साथ ।
तब तक के लिए अभिवादन ।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *
More from this story
नयाबास वाली गली (सुजानगढ़ – राजस्थान) NAYABAS WALI GALI SUJANGRAH
Aug 08, 2026 1 mins read











