दोस्तो मैं ना ही कोई लेखक हूँ, ना ही कोई कथाकार, ना ही कोई उपन्यासकार, ना ही कोई रचनाकार । हम चलेंगे उन गलियों, उन मोहल्लों, उन चौपालों में जहां हमने सुख, दुख, खुशी, गम, कसक, हास्य, व्यंग्य, चुटकले, आवेश, टीस, क्रोध, उल्लास, डॉट, डपट, उछलकूद, जीत, हार, सब कुछ साँझा करा था सब कुछ जिया था यारों, दोस्तों, परिवारों के साथ-साथ। इन्हीं लम्हों की यादों और दिल की बातों का ठिकाना हैं - गली + यारा = गलियारा

हर कहानी का अपना एक गलियारा।

Search

कोवलम की उछलती लहरों से एलेप्पी के खामोश बेकवाटर तक (Kerala Trip - Kovalam to Alleppey - Venice of India)

Share
कोवलम की उछलती लहरों से एलेप्पी के खामोश बेकवाटर तक (Kerala Trip - Kovalam to Alleppey - Venice of India)

06.11.2025

कन्याकुमारी का सूर्यास्त, रात्रि विश्राम देखकर हम सुबह होटल गोपीनिवास में नाश्ता करके निकलगए पद्मनाभपुरम पैलेस Padmanabhapuram Palace (भगवान विष्णु का शहर) के लिए, नागरकोइल होते हुए , जोकि एक ऐतिहासिक कस्बा/गाँव, कन्याकुमारी जिले के कलकुलम गाँव में है जो थुकलाई के पास है। भौगोलिक दृष्टि से यह जगह कन्याकुमारी (तमिलनाडु) के अंदर है लेकिन इसका देखरेख और प्रशासन केरल सरकार के अधीन है, किसी समय कन्याकुमारी केरल राज्य का हिस्सा था। छोटी सी शांत जगह, बाहर खेल खिलौनों, दैनिक सामान, नारियलपानी आदि की दुकानें, एक अलग तरह का छोटा नारियल उसका स्वादिस्ट पानी और मलाई एक गिलास में हमने लिया, पीकर सुखद ताजगी महसूस हुई। अंदर घुसकर, विशाल पेड़ों की छाया, बाई तरफ से एंट्री टिकट लिया। बाहर से एकदम साधारण बनावट। (फोटो नीचे देखें)।

 

Palace%20start%20WhatsApp%20Image%202026-10-13%20at%208.29.18%20AM.jpeg

यह एशिया का सबसे बड़ा लकड़ी का पैलेस है जिसमें 14 छोटे बड़े महल है जिसे 1601 ईस्वी में बनवाया गया था । कहते है कि यह स्थान त्रावणकोर (वेनाड) की लगभग 300 साल राजधानी रही थी। पूरा एक चलता फिरता नगर, राजसी शानों शौकत, चारों तरफ चहल पहल, घोड़ों की टपा टप कदमताल, तलवारों की खनकार, राजसी आदेशों की गूंज, भगवान के मंदिरों की घंटियाँ और गूँजती आरतियाँ। ऊपर, नीचे, किसी महल में शयन के इस्तेमाल के बेड, किसी में कुर्सी, झूलें, किसी में बर्तन, किसी में मुराल पेंटिंगस, किसी में मूर्तियाँ, लकड़ी की गजब नक्काशीयां, खूबसूरत लकड़ी का काम, सबसे ज्यादा आकर्षक राजा के वो लकड़ी के हाल (डाइनिंग हाल) जहाँ प्रजा के 2000 लोगों को एक साथ मुफ़्त खाना बनाने और खिलाने की व्यवस्था। इस जगह की ऊर्जा, वायुमंडल, एक अलग अनुभूति, एक अलग एहसास।(फोटो नीचे देखें) कुछ पुण्य कर्मों का फल हुये। 

Dining%20Hall%20Palace%20WhatsApp%20Image%202026-10-13%20at%208.29.01%20AM.jpeg

 

एक युग, एक अतीत, एक वैभव की सुहानी और सुखद याद दिलाता हुआ यह महल उस शान शौकत की कहानी कहता हुआ खामोश खड़ा है । 

 

padhmanabh%20Palace.jpeg

यहाँ से चल दिए हम आजिमाला शिव मंदिर (Aazhimala Shiv Temple) के लिए जहाँ शिव जी गंगाधरेश्वर की विशालतम प्रतिमा में विराजमान है, समुद्र के किनारे ,गुफा के अंदर बना हुआ एक अद्भुत मंदिर (फोटो नीचे देखें)

Azhimala%20Shiva%20Templ%20WhatsApp%20Image%202026-10-13%20at%208.28.04%20AM.jpeg

इसके बाद लगभग चार बजे , हम आगये केरल के खूबसूरत कोवलम बीच पर अपने होटल – द निलाकांत बीच रिज़ॉर्ट (kovalam), होटल से कुछ पहले राजेश ड्राइवर ने गाड़ी खड़ी कर दी और होटल के रीसेप्शन पर फोन कर दिया, थोड़ी ही देर में दो सहायक आ गए और कुछ सीढ़ियाँ उतरकर हमारे आगे आगे चल दिए। समुद्र के किनारे किनारे होटल बने हुये हैं। समुद्र और होटल की एंट्री के बीच एक छोटी सी सड़क है। दूर तक फैला हुआ अथाह समुद्र, विदेशी सैलानी नंगे पैर समुद्री रेत पर चलते हुये, छोटे बड़े जहाज आते जाते हुये, लहरों की करतल ध्वनि। (विहंगम दृश्य का विडिओ)।

होटल पर कुछ  विश्राम करके, चाय वगैरह पी कर हम शाम को निकल पड़े पद्मनाभ स्वामी मंदिर (Padmanabh Swami Temple) के लिए, हाँ जाने से पहले नेट पर पोशाक/कपड़े क्या पहनने होंगे की झानबीन शुरू की गई। ड्राइवर साहब से भी इस बारे में बात की गई। राजेश ने मंदिर के प्रांगण से पहले लगे मार्केट में हमे छोड़ दिया, वहाँ से हमने तीन/चार  धोतियाँ खरीद ली।छाती पर कोई वस्त्र ना लेकर मैंने एक धोती को ओढ़ लिया। तत्पश्चात, हमने मंदिर में प्रवेश किया और लाइन में लग गए। पद्मनाभ स्वामी मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है जिसे भारत का दिव्य देशम भी कहते है। मंदिर का गर्भगृह एक चट्टान पर स्थित है और भगवान विष्णु की लगभग 18 फीट लंबी प्रतिमा है जिसे तीन दरवाजों से देखना होता है, पहले दरवाजे से भगवान के चरण दिखाई देते है, दूसरे दरवाजे से हाथ और सीना, और तीसरे दरवाजे से भगवान का अलौकिक श्याम वर्ण मुख और आभामंडल, चीर विश्राम की अवस्था में, यह आभास, यह दर्शन दिव्य है और अवर्णनीय है, जिन्हें आप केवल महसूस करेंगे, मैँ कुछ लम्हों के लिए स्तब्ध रह गया। श्रीमती जी को सही से दर्शन नही हो पायें क्योंकि अपार भीड़ होती है और बहुत मंद रोशनी है, अतः हम पुनः लाइन में लग गए और तब सही से दर्शन किये।

 

उसके पश्चात हमने दीप जलाकर दीप दान किया। प्रसाद लिया और गुड़ की खीर का एक टीन पैक्ड प्रसाद भी घर के लिए लिया। अंदर विभिन्न देवी देवताओं की कलाकृतियाँ हैं। बड़े गलियारे को पार करके हम बाहर की तरफ आ गए लेकिन निकासी से पहले अद्भुत भरनाट्यम नृत्य को सीखने वाली विद्यार्थियों ने अपने नृत्य से समाँ बांध दिया। कहते है कि नृत्य की शिक्षा पूरी होने के बाद पहली प्रस्तुति भगवान को अर्पित की जाती है। शाम के समय मुख्य बाहरी दरवाजे की छटा निराली है। (फोटो नीचे देखें)

 

%E0%A4%AA%E0%A4%A6%E0%A5%8D%E0%A4%A7%E0%A4%AE%20%E0%A4%9F%E0%A5%87%E0%A4%AE%E0%A5%8D%E0%A4%AA%E0%A4%B2%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.02.19%20AM.jpeg

दर्शन करके हम अपने होटल आ गए, रात्रि का खूबसूरत समंदर का नजारा,  बीच की सड़क पर रात्रि में फिश मार्केट लग जाता हैं।

सुबह सुबह समुद्री रेत पर पैदल चलना सुहाना लगता है, मछुआरों की एक पूरी टीम लगभग 15/20 जनों की जाल लेकर जाने की तैयारी करते हुये, हमारे दाई तरफ कोवलम का पुराना लाइटहाउस (Kovalam Old  Lighthouse), यह खूबसूरत नीली और सफेद धारियों वाला टावर आज भी स्थित है। (फोटो नीचे देखें)

%E0%A4%B2%E0%A4%BE%E0%A4%87%E0%A4%9F%20%E0%A4%B9%E0%A4%BE%E0%A4%89%E0%A4%B8%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.03.33%20AM.jpeg

इस लाइट हाउस के पास, सुबह सुबह समन्दर का नजारा, ताजगी भरी तेज हवायें, किनारे किनारे चहलकदमी, चट्टानों पर बैठकर उछलती कूदती लहरों से बातचीत करना, समंदर की  लहरों के साथ नहाना, यह नजारा अद्भुत हैं। 

%E0%A4%95%E0%A5%8B%E0%A4%B5%E0%A4%B2%E0%A4%AE%20%E0%A4%89%E0%A4%9B%E0%A4%B2%E0%A4%9F%E0%A5%80%20%E0%A4%B2%E0%A4%B9%E0%A4%B0%E0%A5%87%E0%A4%82%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.03.09%20AM.jpeg

 

तैयार होकर हम रेस्टोरेंट मैँ ब्रेकफ़ास्ट के लिए आगए, स्वादिस्ट नाश्ते में साउथ इंडियन के साथ साथ नोर्थे इंडियन पूरी सब्जी, फ्रूट्स, जूस, लाजवाब , लजीज और बाहर समंदर का दिलकश नजारा और खुला नीला आसमान दोनों एक होते हुये , कोवलम बिच - मनभावन। (फोटो नीचे देखें)।

 

%E0%A4%A8%E0%A4%BE%E0%A4%B6%E0%A5%8D%E0%A4%A4%E0%A4%BE%20%E0%A4%95%E0%A5%8B%E0%A4%B5%E0%A4%B2%E0%A4%AE%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.04.20%20AM.jpeg

कोवलम से सामान पैक करके हम निकल गए केरल के खूबसूरत एलेप्पी (Alleppey) में रहने के लिये। हाउस बोट से फोन आ गया कि आप खाने (लंच) में क्या खाएंगें। सफर में लंबे समय तक साउथ इंडियन खाने के बाद हमने उन्हें दाल, सब्जी, भात, बनाने के लिए बोल दिया। राजेश ने लगभग 12 बजे हमें एलेप्पी छोड़ दिया और सारा सामान हाउस बोट के हवाले कर दिया, हमने राजेश का शुक्रिया किया। एलेप्पी का समुद्री सफर शुरू हो गया :-  %E0%A4%85%E0%A4%B2%E0%A5%87%E0%A4%AA%E0%A5%8D%E0%A4%AA%E0%A5%80%20%E0%A4%AC%E0%A5%8B%E0%A4%9F%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.05.32%20AM.jpeg

थोड़ी दूर चलने के बाद लगा कि एक अलग दुनिया, एक समंदर के पानी से निकली हुई बेकवाटर की अलग कल्पना, बोट पर ही घर की सारी सुविधाएं, तीन बज गये थे और भूख भी लग रही थी, उन्होनें बोट पर डाइनिंग टेबल पर शानदार और लजीज नॉर्थ इंडियन गरमा गरम खाना लगा दिया, खाकर एक अलग तृप्ति। (फोटो नीचे देखें)।

%E0%A4%AC%E0%A5%8B%E0%A4%9F%20%E0%A4%AA%E0%A4%B0%20%E0%A4%96%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A4%BE%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.04.54%20AM.jpeg

लहरों के साथ चलते चलते अलग अलग बेहद हसीन नजारें, रमणीय स्थल, समंदर के बैक वाटर से बना शांत जलमार्गों पर चलता गाँव/शहर, आपको महसूस हो जाएगा कि यूँ ही इसे पूर्व का वेनिस नही कहा जाता है। अलग अलग तरह के हाउसबोट छोटे बड़े, ग्रुप के लिए अलग, तरह तरह की सुविधाओं से सम्पन्न, मिलनसार व्यवहार।

%E0%A4%85%E0%A4%B2%E0%A5%87%E0%A4%AA%E0%A5%8D%E0%A4%AA%E0%A5%80%20%E0%A4%B5%E0%A4%BF%E0%A4%B9%E0%A4%82%E0%A4%97%E0%A4%AE%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.08.49%20AM.jpeg

शाम को चाय के साथ बेहद करारी पकोड़ियाँ फिजा को और रंगीन बनाते हुये थी। रात्रि में उन्होंने हाउसबोट को अपने घर के बाहर खड़ा कर दिया ताकि वो रात्रि विश्राम अपने घर पर कर सके और हम हाउसबोट में, चाँदनी रात के सन्नाटे में एक अलग अनुभव, एलेप्पी के नीरव और शांत समंदर के साथ ले सके।

%E0%A4%85%E0%A4%B2%E0%A5%87%E0%A4%AA%E0%A5%8D%E0%A4%AA%E0%A5%80%20%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%A4%20%E0%A4%A8%E0%A4%9C%E0%A4%B0%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.06.14%20AM.jpeg

सुबह मंदिर की घंटियों और पक्षियों की चहचाहट ने सुबह का स्वागत किया। वापसी के सफर के नजारें भी मानलुभावने हैं। बीच में आपको स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया का वाटर स्पोर्ट्स सेंटर भी दिखाई देगा - यह प्रसिद्ध पुन्नामदा (Punnamada) बैकवाटर्स के पास स्थित है। यहाँ मुख्य रूप से कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग (नौकायन) जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाती है। 

%E0%A4%85%E0%A4%B2%E0%A5%87%E0%A4%AA%E0%A5%8D%E0%A4%AA%E0%A5%80%20%E0%A4%AC%E0%A5%8B%E0%A4%9F%20%E0%A4%B8%E0%A4%AB%E0%A4%B0%20WhatsApp%20Image%202026-10-14%20at%2011.06.53%20AM.jpeg
 

सुबह का नाश्ता कराकर हाउस बोट ने हमें किनारे छोड़ दिया जहाँ हमारी टैक्सी कोचीन के लिए इंतजार कर रही थी जहाँ से हमारी दिल्ली के लिए फ्लाइट थी। शार्प टूर एण्ड ट्रैवल के सहयोग से एक शानदार दक्षिण भारत का ट्रिप यादगार बन गया।

चलिए दोस्तों आपको फिर ले चलूँगा बचपन, जवानी की कुछ जानी पहचानी, कुछ अनजानी , कुछ सुनसान गलियों में, मोहल्लों में, एक नए शहर, नए देहात, नए कस्बे, नए गाँव, नए पर्यटन स्थल के साथ, यात्राओं के इस अनवरत सफर पर।

तब तक के लिए अलविदा, अभिवादन । 
 


 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Continue reading

More from this story

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy