दोस्तो मैं ना ही कोई लेखक हूँ, ना ही कोई कथाकार, ना ही कोई उपन्यासकार, ना ही कोई रचनाकार । हम चलेंगे उन गलियों, उन मोहल्लों, उन चौपालों में जहां हमने सुख, दुख, खुशी, गम, कसक, हास्य, व्यंग्य, चुटकले, आवेश, टीस, क्रोध, उल्लास, डॉट, डपट, उछलकूद, जीत, हार, सब कुछ साँझा करा था सब कुछ जिया था यारों, दोस्तों, परिवारों के साथ-साथ। इन्हीं लम्हों की यादों और दिल की बातों का ठिकाना हैं - गली + यारा = गलियारा

हर कहानी का अपना एक गलियारा।

Search

अमृतसर से अटारी बॉर्डर (TRAVEL MEMOIR - AMRITSAR TO ATTARI BORDER)

Share
अमृतसर से अटारी बॉर्डर  (TRAVEL MEMOIR -  AMRITSAR  TO ATTARI BORDER)

अमृतसर घूमने की इच्छा से हमने सुबह छह बजे बिना नाश्ता किए ही डलहौजी को अलविदा कह दिया। बनीखेत पार करके रास्ते में एक खुले और बड़े ढाबे में चाय नाश्ता किया। हिमाचल के इस रास्ते में CNG मिलने में थोड़ी परेशानी हुई। अमृतसर में रोजाना लाखों पर्यटक दर्शन और घूमने के लिए आते हैं, अतः गोल्डन टेम्पल की विशालकाय कार पार्किंग है। ड्राइवर ने गाड़ी पार्किंग में लगा दी, वहीं एजेंट ने हमें अच्छा होटल एक दिन के लिए दिलवाने की बात कर ली और हमारे साथ हो लिया। हमने कहा कि होटल गोल्डन टेम्पल के पास होना चाहिए। मेरे दोस्त ने मुझे एसजीपीसी की सारा गढ़ी सराय में कमरा बुक करने के लिए बोला था क्योंकि उनकी व्यवस्था बहुत अच्छी है  लेकिन हमारा कार्यक्रम दो दिन पहले ही बना था, तो बुकिंग नहीं मिली। एजेंट हमें पुरानी लक्कड़ मण्डी वाली गली में ले आया और वहाँ हम जी सी ग्रांड इन होटल में रुके, जो कि जलियाँवाला बाग और गोल्डन टेम्पल से पैदल दूरी पर एक छोटा और साफ सुथरा होटल है।  

 

ना केवल लक्कड़ मंडी वाली गली बल्कि पूरा अमृतसर एक ऐतिहासिक शहर है। यह भारत का वो शहर है जिसने बंटवारे का सबसे बड़ा दंश या त्रासदी बहुत नजदीकी से और बहुत इंतहा के साथ सहा। लक्कड़ मंडी में अधिकतर लोगों ने अपने घर होटल में तब्दील कर दिए हैं और जब होटल से लगे हुए एक रिहायशी मकान के बुजुर्ग मालिक से बात हुई तो पता चला कि उनका परिवार यहाँ 100 साल पहले से रहता था। मतलब, परिवार ने आजादी की लड़ाई, बंटवारे की व्यथा, अंग्रेजों के जुल्म, सायरन की आवाजों के तले दबी खौफनाक रातें, अनिश्चितता के गर्भ में दबा भविष्य, सब कुछ देखा, महसूस किया, झेला था और जिसके जख्म आज भी कहीं हरे हैं। इतिहास खँगालने पर पता चलता है कि यह शहर भी कभी खुशमिजाज और मस्ती, जिंदादिली वाले माहौल का था। इस बात का पता आपको चंद्रधर शर्मा गुलेरी की कहानी “उसने कहा था” से चलता है जिसकी शुरुआत इक्के वाले (ताँगे वाले) की मिट्ठी पञ्जाबी जुबान से होती है—  

“कोई बुढ़िया बार-बार चितौनी देने पर भी लीक से नहीं हटती, तो उनकी वचनावली के ये नमूने हैं—हट जा जीणे जोगिए; हट जा करमाँवालिए; हट जा पुत्तां प्यारिए; बच जा लंबी वालिए। समष्टि में इनके अर्थ हैं, कि तू जीने योग्य है, तू भाग्यों वाली है, पुत्रों को प्यारी है, लंबी उमर तेरे सामने है, तू क्यों मेरे पहिए के नीचे आना चाहती है?—बच जा।“  

समय के साथ यह धरा दर्द भरे दौर से गुजरी है। परंतु आज न वो ताँगे वाले हैं और ना ही वो जुल्म करने वाले लोग। हाँ, कुछ गहरे निशान बाकी हैं। शहर वापस खुशमिजाज, जिंदादिल, भाईचारे वाले लोगों से भरा हुआ है। धरा वापस अपनी महक को ले आई है।  

होटल के रीसेप्शन पर पूछताछ के बाद, 12 बजे के बाद हम पैदल ही जलियाँवाला बाग निकल गए जो कि काफी करीब था (फोटो नीचे देखे)। बाग में प्रवेश करने के बाद बाईं तरफ एक ऑडिटोरियम में फ़ोटोज़ भी लगे हैं और ऊपर एक डॉक्यूमेंट्री परदे पर दिखाई जाती है। उस समय के जुल्म, दर्द, होश उड़ाने वाले मंजर हैं। दीवारों पर आज भी गोलियों के निशान आपको मिल जाएंगे। सरकार ने इसका स्वरूप रखरखाव के हिसाब से संवार दिया है। बाग के बाहर पापड़, अमृतसर बड़ियाँ, छोले कुलचे, जूतियों, कपड़ों आदि की दुकानें हैं।  

 

image-41-1.jpeg  

जलियाँवाला बाग , अमृतसर   

 

मेरे एक साथी यहाँ बैंक में कार्यरत हैं। उनसे रास्ते में ही हमने पूछ लिया था कि छोले कुलचे कौन-सी दुकान के मशहूर है। समय को ध्यान में रखते हुए और यह जानते हुए कि अटारी बॉर्डर के लिए लगभग 3 से 4 बजे के बीच निकलना होगा, एक रिक्शा वाले से बात की और हम चल पड़े केशर दा ढाबा के लिए।रास्ते में पार्टिशन म्यूज़ीयम और उसके सामने ब्रदर्स ढाबा और ब्रा दा ढाबा, दोनों अमृतसर की बेहद मशहूर जगह हैं, लेकिन समय की कमी की वजह से वहाँ जाना ना हो सका। केशर दा ढाबा अपने साफ-सुथरे वातावरण और लजीज खाने के लिए मशहूर है।  

image-43-1-3.jpeg

केशर दा ढाबा , अमृतसर   

 

हमने वहाँ से पूछकर पहलवान दा ढाबा वाले के छोले कुलचे के लिए ले जाने के लिए रिक्शा वाले को बोल दिया, लेकिन उसने आर्शी कुल्चा कॉर्नर, घी मण्डी चौक, ले जाकर रिक्शा रोक दिया। बाहर से देखकर लगा कि उसने कहाँ लाकर रोक दिया है। दुकान के मालिक से भी बात की। उसने कहा कि आप एक बार खाकर देख लीजिए, फिर बताना। हम बड़े अनमने मन से अंदर चले गए। उसने गरम-गरम छोले कुलचे और लस्सी दी। क्या स्वाद था; खाकर बहुत अच्छा लगा। आप जब भी यात्रा पर निकलें तो स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ अवश्य लें और अमृतसर तो विशेष तौर पर अपने जायकेदार खाने के लिए मशहूर हैं।  

 

image-44.jpeg  

 

image-44-1.jpeg  आरशी कुल्चा कॉर्नर, अमृतसर   

 

उसके बाद हमने रिक्शा वाले को कपड़ा मार्केट चलने के लिए बोल दिया। उसने 15 मिनट बाद एक बड़ी से दुकान के बाहर ले जाकर रिक्शा खड़ी कर दी। हम विश्वास करके अंदर चले गए, लेकिन कोई खास बात नहीं रही, फिर भी याद के लिए कुछ सूट ले लिए। वास्तव में हम अमृतसर के असली कपड़ा मार्केट नहीं पहुँच पाए।   

वापस होटल में आकर, हमारे दिल्ली के एक साथी जो वहाँ पोस्ट थे, उनसे मुलाकात की और बहुत अच्छा लगा। पुराना साथ बिताया हुआ समय फिर याद किया। उनके जाने के बाद हमने ड्राइवर को फोन करके कहा कि गाड़ी निकाल ले ताकि अटारी बॉर्डर जा सकें क्योंकि लगभग चार बजने वाले थे और लग रहा था कि इतनी गर्मी में परेड देखने के लिए खुले में कैसे बैठेंगे। खैर, पार्किंग में ही जाना पड़ा, गाड़ी से चलने के लिए। रास्ते में अचानक आँधी, तूफान और बारिश आ गई। मौसम खुशगवार हो गया था। लगभग पाँच बजे हम वहाँ पहुँच गए और गाड़ी पार्किंग में लगा दी। समय और दूरी (लगभग 500 मीटर) को देखते हुए, वहाँ से रिक्शा करनी पड़ी, पहुँचकर हम प्रवेश के लिए लाइन में लग गए। औरतों और मर्दों की अलग-अलग लाइन थी। लेकिन अंदर प्रवेश से पहले आप एक साथ हो जाते हैं। बहुत बड़ा दरवाजा और बिल्डिंग है (नीचे फोटो देखें)।  

 

image-45.jpeg  

अटारी बॉर्डर , अमृतसर  

              

आप घुसने से पहले देखेंगे कि बिल्डिंग के दोनों तरफ आपको हरे-भरे खेत और एक लोहे के तारों की बाड़ दिखाई देगी। यही बटवारे की निशानदेही है जिसे हम इंसानों ने खींच दिया।परिंदे आज भी इस खेत से उस खेत बेखौफ जा रहे हैं, हवाएँ आज भी अपनी ठंडक और सुकून बिना किसी जात, धरम, देश के सबको खुशियाँ दे रही हैं, तितलियाँ आज भी सीमाओं के बंधन से परे घूम रही हैं। यहाँ से लाहौर केवल 22 किलोमीटर दूर है, लेकिन इन दीवारों के बाद, इन सीमाओं के बाद, लगता है कि कितना दूर है। यह जगह आप रुककर देखेंगे, तो आपको एक अलग एहसास और जज्बा देगी। हाल ही में इम्तियाज़ अली की फिल्म “मैं वापस आऊँगा” देखी थी जिसने विभाजन के मुद्दे को बड़े संजीदा तरीके से छुआ था।लेकिन कितना मुश्किल है वापस जाना, वापस रहना, उन गलियों में, उन शहरों में जो सीमाओं और जात-पात के बंधनों में बंध गए हैं और जिन्हें इतिहास ने जुल्म और सितम के रंगों से रंग दिया है। उम्र के इस पायदान पर अपनी मातृभूमि, अपने शहर, अपने दोस्तों, अपने परिवार और करीबी का खिंचाव लाजमी है।  

अंदर जाकर काफी ऊपर सीढ़ियाँ चढ़कर परेड देखने के लिए जगह मिली। हमारी तरफ हमारे सैनिक अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हैं और दूसरी तरफ पाकिस्तान के सैनिक। हमारा ओपन ऑडिटोरियम खचाखच भरा था। सैनिकों का प्रदर्शन देशभक्ति का जज्बा भर देते हैं और आपकी आँखों में गर्मजोशी ,हिम्मत, गर्व, समा जाती हैं , जिसके लिए हमारे सीमा प्रहरी - बी एस एफ का धन्यवाद । इस परेड को देखना अनोखा रोमांचक है। वन्दे मातरम।  

   

 

  अटारी बॉर्डर का वीडियो  

 

वापस होटल तक लौटते हुए हमें आठ बज गए। हम फ्रेश होकर गोल्डन टेम्पल के लिए निकल गए, जो होटल से लगभग 10 मिनट की पैदल दूरी पर था। प्रवेश करते ही विशाल प्रांगण, आस्था का सैलाब और उसकी बहुत सुंदर संचालन व्यवस्था। अंदर बाईं तरफ जूते रखने का स्थान है, उसके बाद विशाल सरोवर है जिसमें स्त्री और पुरुषों के नहाने की अलग-अलग व्यवस्था है। पुरुष लोग खुले में भी नहा रहे थे। मैंने डुबकी लगाकर स्नान किया। उसके बाद अमृत पानी पिया और हम चल दिए लंगर में प्रसाद खाने के लिए, जहाँ हजारों लोगों को एक साथ खाना खिलाया जा रहा था। लंगर दिन-रात चलता रहता है। दाल, रोटी, सब्जी, खीर के साथ बहुत स्वादिष्ट प्रसाद। तत्पश्चात दर्शन, ध्यान और मनन, आस्था और श्रद्धा के सैलाब की व्यवस्थित परिक्रमा। इतनी भारी भीड़ के बावजूद एक अलग शांति का एहसास। यही निराकार शक्ति का वजूद है। दान राशि के लिए आप रसीद कटवा सकते हैं। अन्त में हमने घर के लिए प्रसाद लिया और होटल के लिए प्रस्थान किया। होटल की नज़दीकी यात्रा को सुगम बना रही थी।  

 image-43.jpeg    गोल्डन टेम्पल , अमृतसर   


यात्रा बहुत ज्यादा भागमभाग वाली थी लेकिन तब भी बहुत रोचक थी और हमें लगा कि अमृतसर की गलियों को और खंगालना हो, छोले कुलचे की भिन्न-भिन्न किस्मों का स्वाद चखना हो, गोल्डन टेम्पल में और अच्छे से दर्शन करने हो, पार्टिशन म्यूजियम देखना हो, लोगों के दर्द के एहसास को छूना हो, तो हमें सर्दियों में फिर वापस आना होगा।  

 

05.06.2026  

हम हिंदुस्तानियों को एक समय बाहर रहने के बाद अपने घर की याद सताने लगती है, अतः सुबह जल्दी ही होटल पर गाड़ी को बुला लिया था और हम निकल गए वतन वापसी के लिए। रास्ते में हमारे साथी के यहाँ हमने लुधियाना में आलू के पराँठों और चाय का नाश्ता किया और दोपहर का खाना पैक करवा लिया क्योंकि बाहर का खाना खाते हुए बहुत दिन हो गए थे। पुराने दोस्तों से यूँ ही मिलते रहे, तो मन तरोताजा हो जाता है। यह लुधियाना का वो नया एरिया है, जहाँ आपको लुधियाना की भीड़-भाड़ और शोरगुल का पता ही नहीं चलेगा।  

 image-42.jpeg  

रास्ते में खाना खाते हुए और बीच में चाय पीते हुए हम लौटे और लगभग आठ बजे अपने घर वसुंधरा आ गए।चलिए दोस्तों, आपको फिर ले चलूँगा बचपन, जवानी की कुछ  जानी-पहचानी, कुछ अनजानी, कुछ सुनसान गलियों में, मोहल्लों में, एक नए शहर, नए देहात, नए कस्बे, नए गाँव, नए पर्यटन स्थल के साथ।  

 

तब तक के लिए अलविदा, अभिवादन।    

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Continue reading

More from this story

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy